प्रगति और विकास की मिसाल बना रही ऋतु खंडूरी
उत्तराखंड के यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूरी भूषण की पहचान एक राजनेता से अधिक समाजसेवी की है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को एक नयी रफ्तार दी है और विधानसभा में एक दमदार आवाज बनकर उभरी हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में जिस व्यवस्थित ढंग से समस्याओं का निपटारा किया है वो प्रदेश भर में एक मिसाल है।
ऋतु खंडूरी भूषण का जन्म नैनीताल में 29 जनवरी 1965 को एक फौजी परिवार में हुआ। मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के राधाबल्लभ पुरम गांव के निवासी उनके पिता मेजर जनरल (रिटा.) भुवन चंद्र खंडूरी तब एक फौजी ऑफिसर थे। उन्होंने रिटायरमेंट के बाद लोकसभा चुनाव लड़ा और जीतकर वाजपेयी सरकार में मंत्री भी बने। वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी बने और प्रदेश की राजनीति में एक चर्चित नाम हैं। ऋतु की शुरुआती शिक्षा अपने पिता की फौजी पोस्टिंग के साथ विभिन्न स्थानों पर हुई और उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की। उसके उपरांत उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया और दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा प्राप्त किया। 2006 से 2017 तक उन्होंने नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में फैकल्टी के रूप में भी कार्य किया।
ऋतु खंडूरी भूषण के पति राजेश भूषण बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और एक अरसे से केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति पर हैं। वे फिलहाल भारत के स्वास्थ्य सचिव हैं। विधानसभा की राजनीति शुरू करने से काफी पहले से ऋतु अपने एनजीओ 'जय दुर्गा सामाजिक कल्याण संस्था' के जरिये पौड़ी व चमोली में शिक्षा और स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में सक्रियता से सेवा कार्यों में जुटी रही हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें यमकेश्वर सीट से उतारा तो उन्होंने भारी बहुमत से जीत दर्ज की। वे पहाड़ों से पलायन रोकने और बेरोजगारी को खत्म करने के अपने एजेंडे पर लगातार कार्य कर रही हैं। उनके कार्यकाल में क्षेत्र के लगभग सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलों का निर्माण हो चुका है और शेष पर निर्माण कार्य जारी है।
कोविड काल में ऋतु खंडूरी भूषण ने अपने क्षेत्र के लोगों की सराहनीय मदद की है। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान क्षेत्र में राशन, सैनिटाइजर व मास्क बंटवाने का सघन अभियान भी चलाया। उनके क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच और मेडिकल सेवाएं प्रदेश में सबसे आगे हैं।
हाल ही में ऋतु खंडूरी भूषण को भाजपा ने महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। फेम इंडिया - एशिया पोस्ट "उम्दा विधायक सर्वे" में व्यक्तित्व, छवि, जनता से जुड़ाव, कार्यशैली, लोकप्रियता, विधानसभा में उपस्थिति और प्रश्न, बहस में हिस्सा, विधायक निधि का उपयोग व सामाजिक सहभागिता आदि 10 मुख्य मापदंड पर किये गये सर्वे में यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूरी भूषण को सुधारवादी कैटगरी में प्रमुख स्थान पर पाया गया है।
सर्वे स्रोत - विभिन्न प्रश्नों पर विधानसभा क्षेत्रों की राय, विधायिका और मीडिया से जुड़े लोगों से स्टेक होल्ड सर्वे और विधानसभा से उपलब्ध डाटा के आधार पर।