हर क्षेत्र में सफलता की ऊंचाइयां छूते अरविंद बेलाड

हर क्षेत्र में सफलता की ऊंचाइयां छूते अरविंद बेलाड

कर्णाटक के हुबली-धारवाड़ वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद बेलाड को आधुनिकता और परंपरा का संगम कहा जाता है। विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त इस राजनेता की लोकप्रियता इसलिये भी बढ़ जाती है कि इन्हें अपने क्षेत्र ही नहीं, पूरे भारत की संस्कृति से लगाव है और ये उसका सम्मान करते हैं।

अरविंद बेलाड का जन्म 3 अगस्त 1969 को धाड़वाड़ के एक व्यापारिक-राजनीतिक परिवार में हुआ। उनके पिता बेलाड चंद्रकांत गुरप्पा एक व्यवसायी थे और ऑटोमोबाइल, पॉवर जेनरेशन, उपभोक्ता होम अपलाएंस आदि के निर्माण व व्यापार से जुड़े थे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से भी जुड़े थे और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 2008 में हुबली-धारवाड़ वेस्ट से विधायक भी चुने जा चुके थे। उनकी माता का नाम लीलावती चंद्रकांत बेलाड है। अरविंद की प्रारंभिक शिक्षा कर्णाटक शिक्षा बोर्ड के प्राथमिक व हाई स्कूल में हुई। धाड़वाड़ के कर्णाटक साइंस कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने स्थानीय एसडीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने फ्रांस के प्रतिष्ठित इनसीड इंस्टीट्यूट से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कुछ समय युरोप में फैले अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्यापार को भी समझा। भारत आकर पारिवारिक व्यवसाय को संभाला और कुछ नये उद्योग भी शुरू किये, लेकिन समाजसेवा में ही मन लगने लगा। 

वर्ष 2013 में अरविंद बेलाड ने हुबली-धारवाड़ वेस्ट सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और विजयी रहे।  उन्होंने स्थानीय विकास पर ध्यान केंद्रित किया और लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए गंभीर प्रयास किये। उनकी लोकप्रियता का ही नतीजा रहा कि उन्होंने वर्ष 2018 का विधानसभा चुनाव भी आसानी से जीत लिया। उनके कार्यकाल में इस इलाके में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। चौड़ी साफ-सुथरी सड़कें, हर घर तक बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था आदि खुद प्रगति की कहानी कह रही हैं। उनका सपना है कि इस इलाके को शिक्षा, साहित्य व कला के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और वे इसके लिए प्रयत्नशील भी हैं।
 
इसी साल जनवरी में अरविंद बेलाड को भाजपा ने हुबली-धारवाड़ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। फेम इंडिया - एशिया पोस्ट "उम्दा विधायक सर्वे" में व्यक्तित्व, छवि, जनता से जुड़ाव, कार्यशैली, लोकप्रियता , विधानसभा में उपस्थिति और प्रश्न, बहस में हिस्सा, विधायक निधि का उपयोग व सामाजिक सहभागिता आदि 10 मुख्य मापदंड पर किये गये सर्वे में हुबली-धारवाड़ के विधायक अरविंद बेलाड को उत्तम कैटगरी में प्रमुख स्थान पर पाया गया है।

सर्वे स्रोत - विभिन्न प्रश्नों पर विधानसभा क्षेत्रों की राय, विधायिका और मीडिया से जुड़े लोगों से स्टेक होल्ड सर्वे और विधानसभा से उपलब्ध डाटा के आधार पर।